कर्मचारियों की मेहनत से तैयार हुआ स्वचालित गेट
क्षेत्रीय कर्मशाला प्रभारी एहतेशाम हुसैन सिद्दीकी के नेतृत्व में कर्मशाला के कर्मचारियों ने दो दिनों तक मेहनत कर स्वचालित गेट तैयार किया। लोकार्पण समारोह को लेकर परिसर को गेंदे के फूलों, गुलाब की मालाओं और विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर करीब 12 बजे महाप्रबंधक बी.के. जेना के कर्मशाला पहुंचने पर प्रभारी सिद्दीकी और उनकी टीम ने स्वागत किया।
पूजा-अर्चना के बाद हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। गेट की शुभ शुरुआत के लिए नारियल फोड़ा गया। इसके बाद महाप्रबंधक ने शिलालेख का अनावरण कर नवनिर्मित स्वचालित गेट का लोकार्पण किया। शिलालेख पर लोकार्पण की तारीख 1 नवंबर 2026 अंकित की गई है।
बाधाओं को पार करने वाले ही हासिल करते हैं लक्ष्य: जेना
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक बी.के. जेना ने कहा कि कुछ लोग काम शुरू तो करते हैं, लेकिन थोड़ी परेशानी आने पर पीछे हट जाते हैं, जबकि लक्ष्य हासिल करने वाले लोग हर बाधा का सामना करते हुए आगे बढ़ते हैं। उन्होंने सिकंदर का उदाहरण देते हुए कहा कि वास्तविक विजेता वही है, जो कठिनाइयों को पार कर अपने लक्ष्य तक पहुंचता है। कर्मशाला के कर्मचारियों ने मेहनत और लगन से स्वचालित गेट तैयार कर अपनी कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता साबित की है। उन्होंने नवाचार और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए कहा कि अब युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी सोचना चाहिए। देश की बड़ी आबादी को देखते हुए नए विचार, कौशल और उद्यमिता समय की जरूरत हैं।
प्रबंधन के अधिकारियों के साथ श्रमिक प्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक बी.के. जेना, कार्मिक प्रबंधक बलराम हेम्ब्रम, वरिष्ठ अधिकारी (एसओ-ई एंड एम) पार्थ सेन गुप्ता, क्षेत्रीय कर्मशाला प्रभारी एहतेशाम हुसैन सिद्दीकी और फिल्टर प्लांट प्रभारी अजय द्विवेदी उपस्थित रहे। वहीं पांचों केंद्रीय श्रम संगठनों की ओर से रावेन्द्र शुक्ला, राजेश चंद्र शर्मा, राजेन्द्र सिंह, अमरजीत सिंह और विनोद राय ने श्रमिक प्रतिनिधियों के रूप में सहभागिता की। प्रतिनिधियों ने प्रबंधन और श्रमिकों के बीच बेहतर तालमेल की सराहना करते हुए कहा कि स्वचालित गेट कर्मशाला की सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
गुलाल का तिलक लगाकर दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों और श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर कोल इंडिया तथा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मिठाई वितरित की गई। स्थापना दिवस के इस आयोजन ने कर्मचारियों की सामूहिक मेहनत, प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के समन्वय तथा कार्यस्थल पर नवाचार की भावना को एक साथ सामने रखा।


0 Comments