करबला घाट पुल के नीचे मछली मारते समय गहरे पानी में डूबा युवक, मौत

28 वर्षीय संदीप बैगा की मौत से गांव में शोक, प्रत्यक्षदर्शियों ने मिर्गी का दौरा पड़ने की जताई आशंका; बुढ़ार पुलिस ने शुरू की जांच

मोहम्मद हारुन उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी। 

करबला घाट पुल के नीचे सोमवार शाम मछली मारने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान संदीप बैगा पिता भैयालाल बैगा, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप मछली पकड़ रहा था, तभी उसे कथित तौर पर मिर्गी का दौरा पड़ा और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को नगर पालिका के शव वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ार भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक शव बुढ़ार अस्पताल में रखा हुआ था।

परिवार में पहले भी हो चुकी हैं डूबने की घटनाएं

घटना के बाद क्षेत्र में एक चर्चा यह भी रही कि जिस स्थान पर संदीप की डूबने से मौत हुई, उसी जगह उसके बड़े पिता की भी पूर्व में पानी में डूबने से मृत्यु हुई थी। वहीं, लोगों के बीच यह बात भी चर्चा में रही कि संदीप के पिता की मौत भी चचाई बांध में मछली पकड़ने के दौरान डूबने से हुई थी। परिवार से जुड़ी इन पुरानी घटनाओं को लेकर क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। एक ही परिवार में पानी में डूबने की घटनाओं की चर्चा ने इस हादसे को और भी दुखद बना दिया है।

Post a Comment

0 Comments