तहसीलदार की बोलेरो में तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल


सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला, बुढ़ार पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को किया गिरफ्तार

मोहम्मद हारून उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी/बुढ़ार।

तहसील परिसर में खड़े तहसीलदार के शासकीय बोलेरो वाहन के शीशे तोड़कर नुकसान पहुंचाने के मामले में बुढ़ार पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को फरियादी कपिल कुमार तिवारी निवासी ग्राम धमनीकला, थाना खैरहा ने बुढ़ार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में तहसील परिसर में खड़े तहसीलदार के शासकीय बोलेरो वाहन के कांच तोड़कर क्षति पहुंचाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) एवं 351(3) भी बढ़ाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी बुढ़ार ने पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान अजय उर्फ छोटू पाण्डेय निवासी आदर्श कॉलोनी बुढ़ार तथा शिवनारायण उर्फ गणेश कोल निवासी ग्राम झगरहा की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद 29 अक्टूबर 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेन्द्रो के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी, प्रधान आरक्षक सतीश चौरसिया, प्रधान आरक्षक शरद प्रजापति एवं आरक्षक प्रदीप घुरैया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments