मोहम्मद हारुन उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।
भारतीय कोयला श्रमिकों सहित देश के करोड़ों श्रमिकों की आवाज अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजी है। इस खबर से एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र के धनपुरी, अमलाई और शहडोल अंचल के कोयला श्रमिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। हिन्द मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव हरभजन सिंह सिद्धू ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय श्रमिक सम्मेलन में भारतीय श्रमिकों, कृषकों और मानवाधिकारों से संबंधित विषयों को सशक्त रूप से उठाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 एवं 27 अक्टूबर 2026 को जकार्ता में अंतरराष्ट्रीय ट्रेड यूनियन महासंघ - एशिया प्रशांत (ITUC-AP) की 28वीं क्षेत्रीय सामान्य परिषद की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में हरभजन सिंह सिद्धू क्षेत्रीय सामान्य परिषद के सदस्य के रूप में सम्मिलित हुए। बैठक के दौरान उन्होंने प्रमुख रूप से तीन विषयों पर अपना पक्ष रखा, देश में श्रमिकों एवं कृषकों के अधिकारों की वर्तमान स्थिति। मानवाधिकार एवं नागरिक स्वतंत्रता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न। श्रमिकों, कृषकों तथा मानवाधिकारों पर हो रहे कथित आघातों के विरुद्ध भारतीय ट्रेड यूनियन आंदोलन का संघर्ष।
समर्थन में प्रस्ताव पारित होने का दावा
हिन्द मजदूर सभा द्वारा साझा की गई सूचना के अनुसार, बैठक में उपस्थित सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधियों ने भारतीय ट्रेड यूनियन आंदोलन के संघर्ष का सर्वसम्मति से समर्थन किया। संगठन का दावा है कि भारत सरकार की कथित श्रमिक विरोधी नीतियों के विरुद्ध भारतीय ट्रेड यूनियनों द्वारा किए जा रहे संघर्ष के समर्थन में एक प्रस्ताव भी पारित किया गया है। प्रस्ताव की मूल प्रति प्राप्त होने पर उसमें उल्लिखित मांगों एवं प्रस्ताव की वास्तविक भाषा की पुष्टि की जा सकेगी। हिन्द मजदूर सभा ने इस घटनाक्रम को भारतीय श्रमिक आंदोलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए, इस सूचना को अपने सभी संबद्ध संगठनों एवं सामान्य श्रमिकों तक व्यापक रूप से पहुंचाने का आह्वान किया है।


0 Comments