मुख्यमंत्री 25 अक्टूबर को शहडोल में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को करेंगे हितलाभ का वितरण



उत्प्रेरक टाइम्स भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल प्रवास के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, वन, ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास तथा राजस्व विभाग की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अंतर्गत मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी लैपटॉप योजना के तहत लाभ प्रदान किया जाएगा। ई-स्कूटी योजना का उद्देश्य हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है। वहीं, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप योजना के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाते हैं। वन विभाग के अंतर्गत तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि (बोनस) का वितरण किया जाएगा। सूची में उमरिया, सीधी, सतना तथा उत्तर वनमंडल के हितग्राही शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दक्षिण वनमंडल की हितग्राही वसुंधरा सिंह परिहार को एकलव्य शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के तहत 31 हजार रुपये की राशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया जाना प्रस्तावित है। तेंदूपत्ता प्रोत्साहन राशि के अंतर्गत हितग्राहियों को 12 हजार 243 रुपये से लेकर 19 हजार 188 रुपये तक की राशि प्रदान किया जाएगा। ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की हितग्राही कविता कोल को 2 लाख रुपये की सहायता से संबंधित लाभ प्रदान किया जाएगा। इस योजना के माध्यम से छोटे एवं सूक्ष्म उद्यमों को आर्थिक गतिविधियों के विस्तार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाता है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही आरिका शर्मा को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा उनके भविष्य को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से निर्धारित प्रावधानों के अनुसार लाभ दिया जाता है। राजस्व विभाग के अंतर्गत स्वामित्व योजना के तहत भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। सूची में ग्राम रायपुर हर्री एवं हरदी के पांच हितग्राहियों के नाम शामिल हैं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में संपत्तियों के स्वामित्व संबंधी अभिलेख उपलब्ध कराने में सहायता करना है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, आजीविका, महिला सशक्तीकरण, वन उपज संग्राहकों के प्रोत्साहन तथा ग्रामीण संपत्ति के अधिकार से जुड़े प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।

9.77 लाख से अधिक हितग्राहियों को 22.89 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का होगा वितरण

शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना वनमण्डल के तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा लाभ। वन मंडल दक्षिण शहडोल के नवीन कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का भी करेंगे उद्घाटन। आयोजित कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2024 के संग्राहकों को प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) राशि का वितरण करेंगे। कार्यक्रम में शहडोल के साथ अनूपपुर, उमरिया, रीवा, सीधी और सतना जिले के तेंदूपत्ता संग्राहक एवं हितग्राही शामिल होंगे। जिला यूनियन उत्तर शहडोल के 3000, जिला यूनियन दक्षिण शहडोल के 7000, जिला यूनियन दक्षिण अनूपपुर के 1200, जिला यूनियन दक्षिण उमरिया के 3200, जिला यूनियन दक्षिण सीधी के 500 तथा जिला यूनियन दक्षिण सतना के 100 तेंदू पत्ता संग्राहक शामिल होंगे।  कार्यक्रम में 15 हजार से अधिक तेंदूपत्ता संग्राहकों के शामिल होने की संभावना है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के कुल 9,77,696 हितग्राहियों को 22 करोड़ 89 लाख 9 हजार 461 रुपये से अधिक की बोनस राशि वितरित की जाएगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्राहकों को उनके संग्रहण कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

नवीन वन मंडल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का करेंगे उद्घाटन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसी दिन पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत ग्राम कुदरी में निर्मित वन मंडल दक्षिण शहडोल के नवीन कार्यालय भवन एवं नवीन आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। इन भवनों का निर्माण मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड सोसायटी द्वारा कराया गया है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। बोनस वितरण समारोह में छह जिलों के तेंदूपत्ता संग्राहकों की सहभागिता रहेगी, वहीं नवीन वन मंडल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का उद्घाटन वन विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

आठ विभागों के निर्माण कार्यों की मिलेगी सौगात, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल एवं ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा

शहडोल जिले में 82 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत के 45 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों में आठ विभागों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से जिले में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, ग्रामीण विकास तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

आठ विभागों के 45 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण

निर्धारित विवरण के अनुसार, मध्य प्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के एक कार्य की स्वीकृत राशि 22.86 करोड़ रुपये तथा मध्य प्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के एक कार्य की स्वीकृत राशि 22.14 करोड़ रुपये है। इसी प्रकार, लोक निर्माण विभाग के दो कार्यों के लिए 14.92 करोड़ रुपये, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 14 कार्यों के लिए 8.76 करोड़ रुपये तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 21 कार्यों के लिए 5.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जाएगी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के दो कार्यों के लिए 4.43 करोड़ रुपये, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के दो कार्यों के लिए 3.60 करोड़ रुपये तथा वन विभाग के दो कार्यों के लिए 36 लाख रुपये की स्वीकृत राशि निर्धारित है।

विकास कार्यों से मजबूत होंगी बुनियादी सुविधाएं

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने और लोकार्पण से जिले में विभिन्न क्षेत्रों की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। सड़क संपर्क, ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से आमजन को लाभ मिलेगा। शहडोल 24 अक्टूबर 2026- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहडोल जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत प्रस्तावित 89 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन कार्यों की कुल लागत 379 करोड़ 45 लाख रुपये है। इन निर्माण कार्यों में सड़क एवं पुल निर्माण, शासकीय विद्यालयों के भवन, छात्रावास, महाविद्यालयीन भवन, पुलिस विभाग के कार्यालय एवं आवास, विद्युत उपकेंद्र तथा खेल सुविधाओं का विकास शामिल है। इन कार्यों से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक एवं अन्य अधोसंरचनाओं को मजबूती मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के 36 कार्य शामिल

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कुल 36 कार्य शामिल हैं। इनमें विभिन्न गांवों को जोड़ने वाले पहुंच मार्गों का निर्माण, सड़कों का मजबूतीकरण तथा नदियों पर पुल निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। प्रमुख कार्यों में साखी पुरनिहा टोला मार्ग, साखी से छत्तीसगढ़ पहुंच मार्ग, ओढ़की पहुंच मार्ग, भानपुर-खटोलिया-हर्दी-समातपुर मार्ग, बिरौंदी से मझुआ मार्ग, जैतपुर तहसील पहुंच मार्ग तथा अन्य ग्रामीण सड़कों का निर्माण शामिल है। इसके अलावा टेंघा-छीनमार मार्ग में गौरीहारी नदी पर पुल एवं पहुंच मार्ग तथा नरवार-गोड़ारू मार्ग में सोन नदी के चकराघाट पर पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है।

जनजातीय कार्य विभाग के 38 निर्माण कार्य

जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 38 निर्माण कार्य शामिल हैं। इनमें सोहागपुर, जयसिंहनगर, गोहपारू और बुढ़ार विकासखंड के विभिन्न शासकीय हाई स्कूलों के भवन निर्माण के साथ छात्रावास एवं आश्रमशाला भवनों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

अन्य विभागों के निर्माण कार्य भी शामिल

मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के अंतर्गत कन्या शिक्षा परिसर गोहपारू तथा शासकीय पीजी कॉलेज बुढ़ार में नवीनीकरण, उन्नयन एवं नवीन निर्माण कार्य शामिल हैं। मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय शहडोल, बुढ़ार क्षेत्र के थाना भवनों, ब्यौहारी थाना परिसर में आरक्षक आवासगृह तथा अन्य पुलिस भवनों से संबंधित निर्माण कार्य शामिल हैं।

जिले के विकास को मिलेगी गति

इन निर्माण कार्यों से सड़क संपर्क, शिक्षा, छात्रावास सुविधाओं, पुलिस अधोसंरचना, विद्युत व्यवस्था और खेल सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किए जाने से जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा नागरिकों को भविष्य में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Post a Comment

0 Comments