उत्प्रेरक टाइम्स शहडोल।
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में शहडोल जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना सोहागपुर पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पठानी बस्ती निवासी एक नाबालिग के कब्जे से 119 नग नशीले इंजेक्शन एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 13,522 रुपये है। दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को थाना सोहागपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पठानी बस्ती निवासी बाल अपचारी के पास नशीले इंजेक्शन रखे हैं, जिन्हें वह बिक्री करने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र साक्षियों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध घर के अंदर चला गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने इंजेक्शन घर के कमरे में रखी अलमारी में छिपाकर रखना बताया। तलाशी के दौरान एक सफेद कपड़े के बैग से बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड के 57 इंजेक्शन तथा फेनिरामाइन मैलिएट (एविल) के 62 इंजेक्शन, कुल 119 नग इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त एक रियलमी 13 प्रो प्लस 5G मोबाइल फोन भी जप्त किया गया। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित कीमत 3,522 रुपये तथा मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 10,000 रुपये है। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री को विधिवत जप्त कर आरोपी बाल अपचारी के विरुद्ध अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 8/21, 29 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 5/13 मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्य़वाही की जा रही है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण प्रसाद रावत सोहागपुर के नेतृत्व में उप निरीक्षक आशीष झरिया, उप निरीक्षक रामराज पांडे, उप निरीक्षक नेहा उइके, प्रआर मायाराम, प्रआर आशाराम, प्रआर 219 संतोष, प्रआर 370 लवकेश ,प्रआर 529 प्रशांत सोनी, प्रआर 521 बसंता, म आर 336 सिफा खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments