रक्तदान से बच सकती है किसी की जिंदगी, शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में गूंजा जागरूकता का संदेश

 


राष्ट्रीय रक्तदान दिवस पर छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने किया स्वैच्छिक रक्तदान, 15 मेधावी विद्यार्थियों ने क्विज में दिए शत-प्रतिशत सही जवाब



जमीलुर्रहमान उत्प्रेरक टाइम्स शहडोल। राष्ट्रीय रक्तदान दिवस के अवसर पर युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहडोल स्थित शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर एवं विशेष रक्तदान जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं के बीच रक्तदान से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों को दूर कर इसके चिकित्सीय एवं सामाजिक महत्व को समझाना भी रहा। इसी उद्देश्य से आयोजित विशेष क्विज प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और रोचक रही।


15 विद्यार्थियों ने दिए 100 प्रतिशत सही उत्तर 


रक्तदान जागरूकता पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में 15 छात्रों ने शत-प्रतिशत सही उत्तर देकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी जागरूकता, ज्ञान और शानदार प्रदर्शन के लिए जिला चिकित्सालय शहडोल की ओर से सभी चयनित विद्यार्थियों को मोमेंटो (स्मृति चिन्ह) प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और खुशी देखने को मिली। अतिथियों ने विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी समाज के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।


रक्तदान करने वाले युवाओं का बढ़ाया उत्साह


कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ द्वारा किए गए स्वैच्छिक रक्तदान को विशेष रूप से सराहा गया। उपस्थित अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। वक्ताओं ने कहा कि नर्सिंग और पैरामेडिकल क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी यदि स्वयं रक्तदान के प्रति जागरूक होंगे और समाज में इसके महत्व का संदेश पहुंचाएंगे, तो इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। चिकित्सा विशेषज्ञों की रही गरिमामयी मौजूदगी कार्यक्रम में कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. डी.के. द्विवेदी, वर्तमान प्रिंसिपल एवं पूर्व ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुधा नामदेव, जिला चिकित्सालय की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. शिल्पी सराफ, डॉ. दिव्यांश शर्मा, राजेश मेहरा, नरेंद्र सिंह, श्रीमती श्यामला राव, श्रीमती आशा चर्मकार, हीरालाल प्रजापति एवं शुभम त्रिपाठी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कॉलेज के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं तथा फैकल्टी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।




नियमित रक्तदान का दिलाया संकल्प


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, क्योंकि हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की उम्मीद बन सकता है। कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. डी.के. द्विवेदी एवं उपस्थित अतिथियों ने क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को जीवन में नियमित रूप से रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान शिवानी पैरामेडिकल कॉलेज का परिसर रक्तदान, सेवा और मानवता के संदेश से सराबोर नजर आया।

Post a Comment

0 Comments