मोहम्मद हारून शहडोल।
मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लग्जरी कारों से करीब 400 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक करोड़ रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
कारों को बनाया था चलता-फिरता गुप्त गोदाम
पुलिस के मुताबिक तस्करों ने गांजा छिपाने के लिए तीनों कारों में विशेष तरीके से गुप्त चैंबर तैयार कर रखे थे। बाहर से सामान्य नजर आने वाली कारों की डिक्की और पिछली सीट के नीचे वेल्डिंग कर गुप्त स्थान बनाए गए थे। पुलिस टीम ने जब वाहनों की बारीकी से तलाशी ली तो इन गुप्त चैंबरों का पता चला। इनके अंदर खाकी टेप से लिपटे करीब 20-20 किलो के पैकेट बरामद किए गए। तलाशी के दौरान तीनों वाहनों से कुल 400 किलो गांजा जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में की गई। कोतवाली पुलिस, ब्यौहारी पुलिस और जिले की नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से तीन कारों में बड़ी मात्रा में गांजा शहडोल के रास्ते रीवा और प्रयागराज की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले की सीमाओं पर सतर्कता बढ़ाते हुए नाकाबंदी और चेकिंग के निर्देश दिए गए। इसी दौरान बाणसागर-ब्यौहारी नेशनल हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू की गई।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, घेराबंदी में दबोचे गए
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की मारुति बलेनो, महिंद्रा XUV 700 सहित एक अन्य कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक वाहन सवारों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों वाहनों को रोक लिया।प्रारंभिक तलाशी में वाहन सामान्य दिखाई दिए, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर उनकी गहन जांच की गई। इसके बाद वाहनों में बनाए गए गुप्त चैंबर सामने आए और उनमें छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।
ओडिशा से लाए थे खेप, कई जिलों में होनी थी सप्लाई
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर नशे की तस्करी से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि गांजा ओडिशा के मलकानगिरी जिले से लाया गया था। पुलिस के अनुसार खेप को शहडोल, अनूपपुर, रीवा सहित उत्तर प्रदेश के प्रयागराज क्षेत्र में छोटे स्तर के तस्करों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
मोबाइल और बैंक खातों से खंगाला जा रहा नेटवर्क
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल पकड़े गए आरोपियों तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय गांजे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क और कथित मुख्य सरगना तक पहुंचना बताया जा रहा है।
पुलिस टीम के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की घोषणा
बड़ी कार्रवाई में सफलता मिलने पर पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम के लिए 30 हजार रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है। एसपी ने कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। 400 किलो गांजे की इस बड़ी बरामदगी ने एक बार फिर अंतरराज्यीय नशा तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की निगरानी को केंद्र में ला दिया है। अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि इस खेप के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और शहडोल के रास्ते नशे का यह नेटवर्क किस स्तर तक फैला हुआ है।



0 Comments