बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक और प्रेरणादायक पहल की है। कंपनी ने भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान 'स्वच्छता ही सेवा एवं स्पेशल कैंपेन 6' के अंतर्गत आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित वसंत विहार कॉलोनी के प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया।
एक दिन, एक घंटा, एक साथ बना स्वच्छता का मंत्र
इस अभियान की थीम एक दिन, एक घंटा, एक साथ रखी गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह ठीक 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे के लिए एसईसीएल परिवार के अधिकारी, कर्मचारी, महिला समिति की सदस्याएं और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने हाथों में झाड़ू उठाकर श्रमदान किया। इस सामूहिक श्रमदान के माध्यम से शिव मंदिर परिसर, मंदिर के गर्भगृह के आसपास, परिक्रमा पथ, बगीचे और कॉलोनी के आसपास के क्षेत्रों की गहन साफ-सफाई की गई। इस दौरान प्लास्टिक कचरा, सूखे पत्ते, अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर नगर निगम के सहयोग से उचित तरीके से निस्तारित किया गया। मंदिर परिसर में फैली गंदगी को हटाने के बाद पूरे परिसर को धोकर स्वच्छ और सुंदर बनाया गया।
स्वच्छता की ली शपथ, दिया जन-जागरूकता का संदेश
अभियान के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और स्वच्छता का प्रतीक भी है। ऐसे धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। एक घंटे की इस सामूहिक पहल ने स्वच्छता के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया। अभियान में शामिल लोगों ने स्थानीय निवासियों को भी कचरा इधर-उधर न फेंकने और डस्टबिन का उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
स्वस्थ परिवेश की दिशा में सार्थक कदम
एसईसीएल प्रबंधन ने बताया कि कंपनी की यह पहल 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान और 'स्पेशल कैंपेन 6' के उद्देश्यों को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ परिवेश के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है। कंपनी द्वारा मुख्यालय के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में भी इसी तरह के स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।


0 Comments