अतरिया में तीन अलग-अलग स्थानों पर मिला अवैध भंडारण, चुहिरी में रेत परिवहन में संलिप्त वाहन जब्त
जमीलुर्रहमान शहडोल। जिले में खनिज संपदा के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देशन और खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य के मार्गदर्शन में खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गोहपारू तहसील के ग्राम अतरिया और चुहिरी में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत कारोबार के विरुद्ध सख्त कदम उठाए।ग्राम अतरिया में तीन अलग-अलग स्थानों पर करीब 350 घन मीटर खनिज रेत का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से रेत में मिट्टी मिलाकर उसका विनिष्टीकरण कराया, ताकि उसका अवैध रूप से उपयोग या कारोबार न किया जा सके। एक साथ तीन स्थानों पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रेत भंडारण करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया है।
चुहिरी में वाहन जब्त, थाने में कराया खड़ा
इसी अभियान के तहत ग्राम चुहिरी में खनिज रेत के अनधिकृत भंडारण से संबंधित कार्रवाई के दौरान एक वाहन जब्त किया गया। जब्त वाहन को सुरक्षार्थ थाना गोहपारू में खड़ा कराया गया है। संबंधित मामले में खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस पूरी कार्रवाई में खनि निरीक्षक किशोर भोन्डेकर, पवन डोंगरे, आकाश चौबे तथा सर्वेयर समयलाल गुप्ता ने पुलिस विभाग के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया। खनिज विभाग द्वारा गोहपारू तहसील सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण की लगातार जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि खनिज संपदा के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


0 Comments