घर की परछी में सो रही 15 वर्षीय किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव, ब्यौहारी के तगावर गांव के बिजाहरा टोला में दर्दनाक घटना, बहन के साथ सो रही थी किशोरी; गांव में दहशत, वन विभाग की टीमें कर रहीं तलाश

उत्प्रेरक टाइम्स शहडोल। जिले के ब्यौहारी क्षेत्र में वन्यजीवों की आबादी वाले इलाकों में आवाजाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। तगावर गांव के बिजाहरा टोला में घर की परछी में अपनी बहन के साथ सो रही 15 वर्षीय किशोरी को तेंदुआ उठाकर ले गया। सुबह घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे गांव में शोक और दहशत फैल गई। मृतका की पहचान सरस्वती सिंह गोंड के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रात में सरस्वती अपनी बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी, जबकि उसकी मां घर के अंदर कमरे में थी। बताया गया है कि घर में दरवाजा नहीं लगा था। इसी दौरान तड़के तेंदुआ घर में घुसा और सो रही किशोरी को उठाकर ले गया। सुबह जब सरस्वती के साथ सो रही बहन की नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं मिली। उसने मां को जगाया, जिसके बाद मां-बेटी ने उसकी तलाश शुरू की। घर से कुछ दूरी पर किशोरी का कंबल मिला और खोजबीन के दौरान करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।

सुबह चार बजे पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने सुबह करीब चार बजे ब्यौहारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन्यजीव के हमले की पुष्टि के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

डीएफओ तरुणा वर्मा भी घटनास्थल पहुंचीं। जनचर्चा है कि घटना वन क्षेत्र से लगे इलाके में हुई है और घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुआ अंदर घुसा और किशोरी को उठा ले गया। वन विभाग की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीमें आसपास के जंगलों तथा संभावित ठिकानों पर तेंदुए की तलाश में जुटी हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया गया है कि मृतका के पिता शिवचरण महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। घर में मां और दो बेटियां रहती थीं। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, गांव के लोगों में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी बढ़ाई जाए और तेंदुए को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

Post a Comment

0 Comments