जमीलुर्रहमान उत्प्रेरक टाइम्स शहडोल।
नवरात्रि के पावन अवसर पर बुढ़ार के स्थानीय ग्रीनबेल्स पब्लिक स्कूल में गरबा एवं डांडिया उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों की मधुर धुनों और डांडिया की थाप के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव का रंग छाया रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य प्रफुल्ल देवदास मेश्राम एवं शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती और मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा वंदना के साथ किया गया। इस दौरान मां दुर्गा की आराधना कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। उत्सव में छात्र-छात्राएं और शिक्षक-शिक्षिकाएं पारंपरिक गुजराती एवं राजस्थानी परिधानों में सज-धजकर पहुंचे। रंग-बिरंगे चनिया-चोली और कुर्ता-पायजामा में सजे प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट और पारंपरिक लोकगीतों की धुनों से गूंज उठा। विद्यार्थियों ने ढोल-ताशों और डांडिया की थाप पर सामूहिक गरबा नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर इस आयोजन ने नवरात्रि के उल्लास को और भी खास बना दिया।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रफुल्ल देवदास मेश्राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गरबा एवं डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय लोक संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, सामाजिक सौहार्द और एकता की भावना विकसित होती है। साथ ही, बच्चों को अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। गरबा एवं डांडिया उत्सव ने विद्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण निर्मित करते हुए भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश दिया।



0 Comments