नेहरू महाविद्यालय गेट के बगल में रंगमंच में प्रमुख समाजसेवियों के नेतृत्व में संस्कार गरबा उत्सव का भव्य शुभारंभ, अतिथियों का हुआ सम्मान

मोहम्मद हारून उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।

नगर के शासकीय नेहरू डिग्री महाविद्यालय गेट के बगल में स्थित रंगमंच परिसर में राष्ट्रीय कला मंच बुढ़ार-धनपुरी के तत्वावधान में संस्कार गरबा उत्सव समिति बुढ़ार द्वारा आयोजित सीजन-5 गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ प्रमुख समाजसेवियों के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता रानी के जयकारों और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस वर्ष गरबा उत्सव की थीम माँ रखी गई है। रंगमंच पर लगा विशाल बैनर आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें माँ के दिव्य नेत्रों के साथ गरबा करती बालिकाओं की मनमोहक छवि दर्शायी गई थी।

प्रमुख समाजसेवियों के नेतृत्व में हुआ आयोजन

इस भव्य गरबा उत्सव का नेतृत्व नगर के प्रमुख युवा समाजसेवियों ने किया। मंच पर मुख्य रूप से युवा समाजसेवी एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष हनुमान खण्डेलवाल, युवा समाजसेवी बलमीत सिंह खनूजा, युवा समाजसेवी रविकांत चौरासिया सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय कला मंच के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का केसरिया गमछा पहनाकर सम्मान किया गया।

आयोजन समिति के बलमीत सिंह खनूजा ने बताया

आयोजन समिति के बलमीत सिंह खनूजा ने बताया कि नेहरू महाविद्यालय के रंगमंच में आयोजित इस तीन दिवसीय उत्सव में भारतीय संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए पारंपरिक गरबा और डांडिया का भव्य आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि यह उत्सव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और युवाओं को अपनी परंपरा से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने आगे बताया कि इस तीन दिवसीय उत्सव में प्रतिदिन हजारों की संख्या में मातृशक्तियां, युवतियां और युवा शामिल होंगे। उत्कृष्ट वेशभूषा और सर्वश्रेष्ठ गरबा नृत्य करने वाले प्रतिभागियों को समिति द्वारा आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही महिला सुरक्षा, लाइट, साउंड और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। मंच से अतिथियों ने भी राष्ट्रीय कला मंच के इस प्रयास की सराहना की और नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।



Post a Comment

0 Comments