मोहम्मद हारून उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।
एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र कोल माइंस प्रभावित क्षेत्र की खराब सड़कों और स्कूल बस की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य (क्षेत्र क्रमांक-12) एवं संचार तथा संपर्क समिति के सभापति जगन्नाथ शर्मा ने एसईसीएल सोहागपुर एरिया के महाप्रबंधक और बिरला प्राइवेट लिमिटेड, गोपालपुर के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर एक सप्ताह की समय-सीमा दी है। मांगें पूरी न होने पर उन्होंने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ खदान गेटों पर धरना देने की चेतावनी दी है।
सराईकापा से खैरहा मार्ग बदहाल
पत्र में कहा गया है कि ग्राम पंचायत खैरहा सहित पूरा क्षेत्र कोल माइंस प्रभावित है और यहां की कई समस्याएं लंबे समय से अनसुलझी हैं। ग्राम पंचायत सराईकापा से खैरहा तक बुढ़ार मुख्य मार्ग के नाम से जानी जाने वाली सड़क कई वर्षों से जर्जर है। इस मार्ग पर राजेंद्रा, खैरहा और दामिनी भूमिगत खदानें वर्षों से संचालित हैं, जहां से हजारों टेलर जैसे भारी वाहन दिन-रात गुजरते हैं। शर्मा के अनुसार कोल प्रबंधन ने आज तक सड़क का सुचारु निर्माण नहीं कराया। राजेंद्रा तिराहे से दामिनी भूमिगत खदान तक का हिस्सा लोक निर्माण विभाग की सिंगल सड़क है, जिसका चौड़ीकरण भी नहीं हुआ। इस मार्ग से सैकड़ों ग्रामीण आते-जाते हैं और खराब सड़क के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने बताया कि जुलाई में गड्ढों में सीआरएम डाला गया था, जो अगस्त में उखड़ गया, जिससे सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
राजेंद्रा कॉलोनी से अर्जुला कॉलोनी मार्ग भी जर्जर
पत्र में राजेंद्रा कॉलोनी से अर्जुला कॉलोनी तक लगभग 2 किमी लंबी कोल प्रबंधन की सड़क की हालत भी बहुत खराब बताई गई है। दर्जनों गांवों के लोग इसका उपयोग करते हैं और लंबे समय से सुधार न होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
स्कूल बस खैरहा तक चलाने की मांग
कोल प्रबंधन के जो कर्मचारी खैरहा में रहकर नौकरी करते हैं और जिनके बच्चे धनपुरी के केंद्रीय विद्यालय में पढ़ते हैं, उन्हें आवागमन में असुविधा हो रही है। कोल माइंस की स्कूल बस राजेंद्रा तिराहे तक आती है, जिससे अभिभावकों को बच्चों को खैरहा से तिराहे तक छोड़ने और लेने जाना पड़ता है। पत्र में स्कूल बस को खैरहा तक भेजने की मांग की गई है।
बिरला प्रा. लि. को भी पत्र, हाथीडोल मार्ग पर गड्ढे
एक अन्य पत्र में शर्मा ने बिरला प्राइवेट लिमिटेड, गोपालपुर के महाप्रबंधक को सराईकापा तिराहे से हाथीडोल तक सड़क मरम्मत के लिए लिखा है। पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत गोपालपुर में कंपनी की कोल माइंस का उत्पादन एक माह पहले शुरू हुआ है और खदान से सराईकापा-बुढ़ार मार्ग तक कंपनी ने अपनी सड़क बनाई है। बीते एक माह से सैकड़ों टेलर कोयला लेकर सराईकापा तिराहे से बुढ़ार की ओर जा रहे हैं, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और ग्रामीणों को परेशानी व दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
एक सप्ताह की चेतावनी
श्री शर्मा ने स्पष्ट किया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं और सड़कों का काम शुरू नहीं हुआ, तो उन्हें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ दामिनी भूमिगत, खैरहा भूमिगत और राजेंद्रा भूमिगत खदानों के गेट के सामने धरने पर बैठना पड़ेगा। इसी तरह बिरला प्रा. लि. के मामले में सराईकापा तिराहे पर धरना देकर खदान के वाहनों को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन से होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर शहडोल, अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर और तहसीलदार बुढ़ार को भी भेजी गई है।


0 Comments