छतरपुर बड़ा मलहरा क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से खरीफ फसलों को भारी नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है।बारिश के कारण बड़ा मलहरा तहसील के विभिन्न गांवों में उड़द एवं तिल की फसल पूरी तरह नष्ट होने का दावा किसानों द्वारा किया गया है।फसल खराब होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में भारतीय किसान संघ,तहसील बड़ा मलहरा की ओर से 6 अक्टूबर 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बड़ा मलहरा को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को राहत राशि दिलाए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि इस वर्ष खरीफ फसल के समय अतिवृष्टि होने से तहसील बड़ा मलहरा के समस्त गांवों में बड़ी संख्या में उड़द एवं तिल की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।इससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। किसानों का कहना है कि उन्होंने फसल में लागत लगाने के साथ पूरी मेहनत की थी लेकिन लगातार हुई बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से मांग की है कि बड़ा मलहरा तहसील के सभी प्रभावित गांवों में खेत-खेत फसल क्षति का सर्वे कराया जाए तथा जिन किसानों की उड़द एवं तिल की फसल अतिवृष्टि के कारण खराब हुई है उन्हें नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाए। किसान संघ ने यह भी मांग की है कि आरबीसी की धारा 6-4 के प्रावधानों के तहत पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाए ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहारा मिल सके।


0 Comments