उत्प्रेरक टाइम्स बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड सोहागपुर क्षेत्र देश के सबसे बड़े कोयला उत्पादक उपक्रमों में से एक साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ अत्यंत गरिमामय वातावरण में हुआ। इस अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहान ने दृश्य-श्रव्य माध्यम से समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मियों एवं सहभागियों को सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व का मार्मिक संदेश दिया।
सीएमडी ने कहा – ईमानदारी ही हमारी वास्तविक पूँजी
अपने संदेश में सीएमडी दुहान ने कहा, एसईसीएल परिवार के सभी सदस्यों को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के मौके पर हर्ष व्यक्त किए है। केंद्रीय सतर्कता आयोग द्वारा इस वर्ष के लिए निर्धारित विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ हमें यह स्मरण कराता है कि हमारे प्रत्येक कार्य, प्रत्येक निर्णय और प्रत्येक व्यवहार में ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व ही हमारी वास्तविक पूँजी है। कोयला उद्योग राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा की आधारशिला है और हमारी सत्यनिष्ठा ही राष्ट्र की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और प्रगति को सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि जब हम ईमानदारी से कोयला उत्पादन करते हैं, तो हम केवल कोयला नहीं निकालते, अपितु राष्ट्र के विकास में ऊर्जा का संचार करते हैं। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी का नैतिक आचरण सीधे राष्ट्र निर्माण से जुड़ा है।
त्रैमासिक निवारक सतर्कता अभियान – भ्रष्टाचार मुक्त प्रणाली का संकल्प
सीएमडी दुहान ने अपने संदेश में जानकारी दी कि एसईसीएल ने 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक तीन माह का विशेष निवारक सतर्कता अभियान प्रारंभ किया है। इस अभियान का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार का पश्चाताप करना नहीं, अपितु ऐसी सुदृढ़, पारदर्शी और तकनीक-संचालित प्रणाली का विकास करना है, जहाँ भ्रष्टाचार की संभावना ही शेष न रहे। उन्होंने कहा कि आयोग के परिपत्र संख्या 05/09/26 के अनुपालन में यह अभियान मुख्यालय बिलासपुर सहित सोहागपुर, जमुना-कोतमा, हसदेव, कोरबा, रायगढ़, चिरमिरी, बैकुंठपुर और भटगांव क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।
मुख्यालय में सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा का भव्य आयोजन
26 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे बिलासपुर मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात वंदे मातरम, कोल इंडिया निगम गीत और राष्ट्रगान का गायन किया गया। इसी गरिमामय अवसर पर सीएमडी दुहान ने स्वयं समस्त विभागाध्यक्षों, महाप्रबंधकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा, निवारक सतर्कता ही सर्वोत्तम सतर्कता है। हमें अपने कार्यों में अंकीयकरण, पारदर्शी क्रय प्रक्रिया, ई-निविदा, समयबद्ध निर्णय और प्रौद्योगिकी का अधिकतम उपयोग करना होगा। विलंब ही भ्रष्टाचार को जन्म देता है, इसलिए त्वरित और न्यायसंगत निर्णय ही सत्यनिष्ठा का प्रमाण है। तकनीकी संचालन निदेशक एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, मानव संसाधन निदेशक बिरंची दास, तकनीकी योजना एवं परियोजना निदेशक रमेश चंद्र मोहपात्रा एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कोल इंडिया के मुख्य सतर्कता अधिकारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी दृश्य-श्रव्य माध्यम से मानद अतिथि के रूप में जुड़े।
मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने प्रस्तुत की रूपरेखा
समारोह में मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने सप्ताहभर के कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार इस वर्ष ई-प्रतिज्ञा, क्षमता संवर्धन कार्यशाला, सार्वजनिक क्रय में नैतिकता, विद्यालयों में चित्रकला, निबंध, वाद-विवाद, नारा-लेखन प्रतियोगिता तथा जन-जागरूकता पदयात्रा पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में एनटीपीसी सीपत में सार्वजनिक क्रय की रूपरेखा और सत्यनिष्ठा सुरक्षा उपायों पर तथा सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड में सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान पर ज्ञान-साझा सत्र आयोजित किए गए हैं।
कर्मचारियों से आत्मसात करने का आह्वान
सीएमडी दुहान ने संदेश के अंत में सभी से भावपूर्ण आह्वान किया कि वे इस सप्ताह को केवल औपचारिकता या एक सप्ताह का आयोजन न मानें, अपितु इसे अपने दैनिक जीवन, आचरण और कर्तव्य में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक कर्मचारी अपने स्तर पर सत्यनिष्ठा का पालन करेगा, तो एसईसीएल ही नहीं, अपितु पूरा राष्ट्र समृद्ध होगा। सामाजिक संजाल पर जारी उनका यह दृश्य-श्रव्य संदेश व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है। कर्मचारी इसे साझा कर भ्रष्टाचार मुक्त कार्य संस्कृति के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त कर रहे हैं और आम जनमानस में भी ईमानदारी के प्रति नई चेतना जागृत हो रही है।


0 Comments