अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचगांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं, दवाइयों की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की।एसडीएम श्रीमती गर्ग ने सबसे पहले स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाइयों के स्टॉक का निरीक्षण किया और उनकी एक्सपायरी डेट की जांच की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और स्टाफ को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में एक्सपायर दवाइयों का उपयोग न किया जाए और दवाइयों का रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित किया जाए। साथ ही उन्होंने दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र में आने वाले मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ओपीडी, प्रसव कक्ष, टीकाकरण कक्ष और साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीणों के लिए पहली और सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं दुरुस्त रहना बेहद जरूरी है। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर जोर दिया। श्रीमती गर्ग ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में ही गर्भवती माताओं का प्रसव कराया जाए, जिससे उन्हें प्रसव के लिए गांव से बाहर न जाना पड़े। इससे न केवल ग्रामीण महिलाओं को सुविधा होगी, बल्कि सुरक्षित प्रसव को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को निर्देशित किया कि क्षेत्र की सभी गर्भवती माताओं की सूची तैयार कर उनके स्वास्थ्य का लगातार फॉलोअप किया जाए। समय-समय पर उनकी जांच, टीकाकरण और पोषण संबंधी परामर्श दिया जाए। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए। एसडीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए सभी मैदानी अमले को सक्रिय रहकर कार्य करना होगा। यदि स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी प्रकार की कमी है तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाए ताकि समय पर उसका निराकरण किया जा सके। उनके इस निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग के अमले में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने एसडीएम के इस कदम की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


0 Comments