मो. हारून - उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सेवा ज्योति कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर शहडोल जिले के पॉलिटेक्निक ग्राउंड में मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहेगी। जैतपुर विधायक ने इस अवसर पर अपनी विधानसभा क्षेत्र के समस्त भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, बूथ अध्यक्षों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से विशेष आह्वान किया है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। चाहे गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में हो या देश के प्रधानमंत्री के रूप में, उन्होंने भारत को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है। इस गौरवमयी यात्रा के माध्यम से उनके विचारों और कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है। विधायक द्वारा जारी अपील में कहा गया है। दिनांक 7 अक्टूबर बुधवार को प्रातः 9:15 बजे सभी कार्यकर्ता पॉलिटेक्निक ग्राउंड, शहडोल में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। सभी मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वे सवा नौ बजे तक ग्राउंड में पहुंचकर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में सहयोग करें। प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार प्रातः सवा दस बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री के प्रेरक उद्बोधन को सुनने के पश्चात लगभग 11 बजे पॉलिटेक्निक ग्राउंड से जैतपुर विधानसभा की ओर सेवा ज्योति कलश यात्रा रवाना होगी, जिसका विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह भव्य स्वागत किया जाएगा और विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक ने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री जी के 25 वर्षों की तपस्या, त्याग और जनसेवा की प्रेरणा को आत्मसात करने का अवसर है। अतः जैतपुर विधानसभा के समस्त देवतुल्य कार्यकर्ता पूरे उत्साह, ऊर्जा और गरिमामयी उपस्थिति के साथ कार्यक्रम को सफल बनाएं।
विकसित भारत के सपने को साकार करने का अवसर - रविकांत चौरसिया
वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बकहो भाजपा मंडल प्रभारी रविकांत चौरसिया ने भी सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है। उन्होंने कहा कि मित्रो, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए कल दिनांक 7 अक्टूबर को प्रातः9 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज, शहडोल में सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन होने जा रहा है। मैं आप सभी जनप्रतिनिधियों, नागरिक बंधुओं, युवा तरुणाई, मातृशक्ति एवं भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं से विनम्र आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में पधारकर मोदी जी के प्रेरक उद्बोधन को सुनें और यात्रा में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएं।


0 Comments