106 वें स्थापना दिवस पर गूंजेगा श्रमिक एकता का नारा, सोहागपुर एटक कार्यालय में होगा ध्वजारोहण और महत्वपूर्ण बैठक

 

 मोहम्मद हारुन उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।

देश के सबसे पुराने और गौरवशाली श्रमिक संगठन एटक का 106 वां स्थापना दिवस इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास और श्रमिक एकता के संकल्प के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सोहागपुर क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सोहागपुर क्षेत्र एटक यूनियन के अध्यक्ष राबेन्द्र शुक्ला एवं सचिव राजेश चंद शर्मा ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि एटक के 106 वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय एटक कार्यालय, सोहागपुर में ध्वजारोहण एवं बैठक का कार्यक्रम रखा गया है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर 1920 को स्थापित एटक ने देश के स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज तक श्रमिकों के हक और अधिकार की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाई है। कोयला उद्योग में कार्यरत श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए एटक सदैव संघर्षरत रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर संगठन के गौरवशाली इतिहास, श्रमिक आंदोलनों में एटक की भूमिका और वर्तमान समय में श्रमिकों के सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक में एसकेएमएस (एटक) सोहागपुर क्षेत्र की वर्तमान कार्ययोजना, सदस्यता अभियान, कोयला श्रमिकों की समस्याओं और आगामी आंदोलन की रणनीति पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। अध्यक्ष राबेन्द्र शुक्ला एवं सचिव राजेश चंद शर्मा ने एसकेएमएस (एटक) सोहागपुर क्षेत्र के सभी क्षेत्रीय, उपक्षेत्रीय, शाखा पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं से अपील की है कि सभी साथी 31 अक्टूबर को सायं 4 बजे एटक कार्यालय सोहागपुर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और श्रमिक एकता को मजबूत करें।

Post a Comment

0 Comments