नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार और उत्तर प्रदेश में होने वाले स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने बिहार की चार और उत्तर प्रदेश की छह सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों को मंजूरी दी है।
बिहार में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव को उम्मीदवार बनाया गया है। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्नातक सीट से केदारनाथ सिंह, मेरठ स्नातक सीट से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से अशोक कुमार राठौर चुनाव मैदान में होंगे।
वहीं, वाराणसी शिक्षक सीट से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा शिक्षक सीट से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से ध्रुव त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है। ध्रुव त्रिपाठी को पार्टी ने दोबारा मौका दिया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने सभी नामों पर अंतिम स्वीकृति दी है। विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित पात्र स्नातक एवं शिक्षक मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करते हैं।23 अक्टूबर को मतदान
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी होने का कार्यक्रम है।


0 Comments