सेवा संकल्प अभियान: कटकोना आवासीय विद्यालय में ब्लाक स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न, विजेता बच्चों को मिला पुरस्कार

 


मोहम्मद हारून धनपुरी।

भारतीय जनता पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आज शासकीय आवासीय विद्यालय कटकोना में ब्लाक स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी साथियों सहित उपस्थित रहे। उनके साथ सहायक आयुक्त ट्रायबल सिन्हा साहब, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश पांडेय, जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं खैरहा मंडल प्रभारी दौलत मनमानी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बकहो भाजपा मंडल प्रभारी रविकांत चौरसिया, नगर परिषद बकहो अध्यक्ष मौसमी केवट, राघवेंद्र तिवारी, अर्जुन सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।शिक्षा विभाग से विकास खंड शिक्षा अधिकारी डी.के. निगम, मंडल संयोजक संजय मिश्रा, कन्या शिक्षा परिसर की प्राचार्या वर्षा दुबे, शिक्षक राकेश त्रिपाठी, हरेराम सिंह, पारितोष सोनी, सीताराम मिश्रा, विश्व नाथ त्रिपाठी एवं अधीक्षक जे.पी. सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। सभी अतिथियों का स्वागत भाषण संदीपनी विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेवा रानी पांडे के द्वारा दिया गया। उन्होंने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक राकेश त्रिपाठी द्वारा किया गया।

बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने सेवा ही संकल्प है, स्वच्छता ही सेवा, एक पेड़ माँ के नाम, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत जैसे विषयों पर सुंदर और आकर्षक चित्र बनाए। वहीं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, सेवा भाव और शिक्षा के महत्व पर अपने ओजस्वी विचार रखे।



वक्तव्यों का क्रम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सबसे पहले भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। आवासीय विद्यालयों के माध्यम से आदिवासी अंचल के गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा और अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उनके बाद जिला भाजपा उपाध्यक्ष एवं खैरहा मंडल प्रभारी दौलत मनमानी ने अपने वक्तव्य में कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज को सेवा से जोड़ने का अभियान है। अगर बचपन से ही बच्चों में सेवा का संस्कार जागृत होगा तो वे भविष्य में एक अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। उन्होंने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की इसके पश्चात वरिष्ठ भाजपा नेता एवं बकहो भाजपा मंडल प्रभारी रविकांत चौरसिया ने बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में छिपी प्रतिभा को बाहर लाते हैं। सेवा को जीवन में संस्कार के रूप में उतारना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बच्चों से खूब मन लगाकर पढ़ने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा अब गांव-गांव समाज के अंतिम छोर तक सेवा संकल्प बनकर पहुंच रहा है, यही हमारे प्रधानमंत्री जी का सपना है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास, सम्मान और सेवा की धारा पहुंचे और कोई भी वंचित न रहे।



विजेताओं को मिला इनाम

अंत में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनाम पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments