निवास पहुंचकर सांसद ने शोकाकुल परिवार से की मुलाकात, उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को दी श्रद्धांजलि

 


जे. रहमान उत्प्रेरक टाइम्स शहडोल।

वरिष्ठ पत्रकार कैलास लालवानी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन से शोक की लहर है। 24 जून 2026 को उनके निधन के बाद पत्रकार कैलास लालवानी के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्रि सिंह ने भी उनके निवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और दिवंगत सावित्री देवी जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद हिमाद्रि सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार कैलास लालवानी एवं उनके परिजनों से मिलकर दुख की इस घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मां का निधन परिवार के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं होती। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर सावित्री देवी जी की स्मृति को नमन किया। सभी ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर अध्यक्ष नगर परिषद बरगवां श्रीमती गीता गुप्ता, डॉ. राज तिवारी, प्रीती शाहू, सुस्कू, मनीष तिवारी, रवि दुबे, राजेश, बिन्नू, लक्ष्मीकांत मिश्रा, शिवम माहरा, मुकेश शाहू, भौमिक जी, पत्रकार सूरज श्रीवास्तव एवं अजय नामदेव सहित अन्य गणमान्य नागरिक, पत्रकार साथी और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत सावित्री देवी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

भावुक माहौल में याद की गईं सावित्री देवी

श्रद्धांजलि के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। दो मिनट के मौन के बीच उपस्थित लोगों ने सावित्री देवी जी की स्मृतियों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। दुख की इस घड़ी में जनप्रतिनिधियों, पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों की उपस्थिति ने कैलास लालवानी एवं उनके परिवार के प्रति आत्मीयता और संवेदना का भाव प्रकट किया।अंत में उपस्थित लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Post a Comment

0 Comments