सड़क हादसे रोकने यातायात पुलिस की पहल, ऑटो चालकों की ली पाठशाला, एसपी संजय अग्रवाल के निर्देश पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम, संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश

 

जे. रहमान उत्प्रेरक टाइम्स शहडोल।  

शहर में बढ़ते सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यातायात पुलिस ने शनिवार को एक सराहनीय पहल की। पुलिस लाइन स्थित यातायात थाने में ऑटो चालकों के लिए विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑटो रिक्शा संघ के अध्यक्ष सहित शहर के लगभग 80 से अधिक ऑटो चालक शामिल हुए। यातायात थाना प्रभारी और उनकी टीम ने चालकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और यातायात नियमों की बारीकियों को समझाया।

इन 5 बातों पर दिया विशेष जोर

कार्यक्रम में यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को 5 मुख्य बिंदुओं पर विशेष हिदायत दी। कागजात पूरे रखें: सभी चालक अपने ऑटो का रजिस्ट्रेशन कार्ड, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, परमिट और स्वयं का ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा अपने पास रखें। कोई भी कागज एक्सपायर नहीं होना चाहिए। पुलिस ने कहा कि कागज पूरे होने से चालान के डर से बचेंगे और यात्रियों का भरोसा भी बढ़ेगा। ओवरलोडिंग से बचें: ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बिल्कुल न बैठाएं। अक्सर देखा गया है कि 3 सवारी की जगह 5-6 सवारियां बैठाने से ऑटो का संतुलन बिगड़ता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। नशे में वाहन न चलाएं: किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर ऑटो न चलाएं। यात्रियों की जान आपके हाथ में है, इसे अपनी जिम्मेदारी समझें। वर्दी और व्यवहार: सभी ऑटो चालक निर्धारित वर्दी पहनें और यात्रियों से शालीनता से पेश आएं। ज्यादा किराया वसूलने की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं, इससे बचें। पुलिस के सहयोगी बनें: यह सबसे महत्वपूर्ण बिंदु रहा। यातायात पुलिस ने कहा कि ऑटो चालक पूरे शहर में घूमते हैं, वे पुलिस की आंख और कान बन सकते हैं। यदि ऑटो में कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस बैग या कोई असामान्य गतिविधि दिखे तो तुरंत 100 नंबर या यातायात कंट्रोल रूम को सूचित करें।

कागजात के लिए लगेगा विशेष कैंप

बैठक के दौरान कई ऑटो चालकों ने बताया कि आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने से उनके कागजात समय पर नहीं बन पाते। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में कलेक्टर महोदय और जिला परिवहन अधिकारी (आरटीओ) से चर्चा कर जल्द ही एक ही स्थान पर विशेष कैंप लगवाया जाएगा, जहां सभी चालकों के लाइसेंस, फिटनेस और परमिट से जुड़े काम एक साथ हो सकेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी ऑटो चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की शपथ ली।

Post a Comment

0 Comments