एसईसीएल में माइनिंग सरदार की पदोन्नति व्यवस्था में संशोधन की मांग, पर्याप्त पदों के प्रावधान की अपील


मोहम्मद हारून धनपुरी।

संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) प्रबंधन से माइनिंग सरदार (पीसीएसए ग्रेड-बी) से ओवरमैन ग्रेड-बी की पदोन्नति व्यवस्था में संशोधन करने और इस वर्ष के मैनपावर बजट में पर्याप्त पदों का प्रावधान करने की मांग की है। संघ ने इस संबंध में 12 अक्टूबर 2026 को पत्र लिखकर एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक और निदेशक (मानव संसाधन) को ज्ञापन सौंपा है। संघ के अध्यक्ष कन्हैया सिंह और महासचिव अजय कुमार विश्वकर्मा की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि माइनिंग सरदार से ओवरमैन संवर्ग में पदोन्नति की मौजूदा व्यवस्था और ओवरमैन ग्रेड-बी के स्वीकृत पदों की संख्या में विसंगतियां हैं। इसके कारण बड़ी संख्या में पात्र कर्मचारी वर्षों से पदोन्नति से वंचित हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि ओवरमैन के 272 पदों पर सीधी भर्ती किए जाने से विभागीय कर्मचारियों की वरिष्ठता और पदोन्नति के अवसर प्रभावित हुए हैं। संघ की प्रमुख मांगें है जिनमें इस वर्ष के मैनपावर बजट में ओवरमैन ग्रेड-बी के पर्याप्त अतिरिक्त पदों का प्रावधान किया जाए।

 

इसके लिए एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे पात्र कर्मचारियों की संख्या, मौजूदा रिक्तियों, कार्यभार, उत्पादन और खदानों की सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का आकलन कर स्वीकृत पदों में आवश्यक वृद्धि की जाए, ताकि पदों की कमी के कारण कोई भी पात्र माइनिंग सरदार (पीसीएसए ग्रेड-बी) कर्मचारी पदोन्नति से वंचित न रहे। पदोन्नति नीति की समीक्षा कर पात्र माइनिंग सरदार (पीसीएसए ग्रेड-बी) को सीधे ओवरमैन ग्रेड-बी पद पर पदोन्नत किए जाने पर विचार किया जाए तथा पदोन्नति प्रक्रिया को नियमित, समयबद्ध और न्यायसंगत बनाते हुए लंबे समय से प्रतीक्षारत सभी पात्र कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति दी जाए। संघ ने उम्मीद जताई है कि प्रबंधन कर्मचारियों के हित, उनके कैरियर विकास और खदानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। पत्र की प्रतिलिपि महाप्रबंधक (आईआर/मा.सं.), एसईसीएल बिलासपुर को भी भेजी गई है।

Post a Comment

0 Comments