कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने किया जामलापानी में शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण
योगेश जगभिये पांढुर्णा
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने ग्राम जामलापानी में शासकीय प्राथमिक शाला एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
प्राथमिक शाला में मरम्मत कार्य कराने के निर्देश
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने शासकीय प्राथमिक शाला जामलापानी का निरीक्षण कर विद्यालय भवन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही, नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र के भवन निर्माण के संबंध में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय प्रकाश ठाकुर को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र के लिए उपयुक्त व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश
कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर जामलापानी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में विद्युत कनेक्शन एवं पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित कर आरोग्य मंदिर को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश खंड चिकित्सा अधिकारी, पांढुर्णा को दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी पांढुर्णा श्रीमती अल्का एक्का, तहसीलदार सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments