जमीलुर्रहमान शहडोल। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत एक बड़ी राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 35.56 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों के खातों में 213.41 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की है। इस राशि के अंतरण से प्रदेश के लाखों बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग और निराश्रित हितग्राहियों को सीधा लाभ मिलेगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण सभी जिलों में किया गया। इसी क्रम में शहडोल जिले को भी इस योजना का लाभ मिला है। शहडोल जिले के 91 हजार पेंशनधारियों को लगभग 5 करोड़ रूपए की राशि अंतरित की गई है।
कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में वर्चुअल कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शहडोल कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष से वर्चुअली देखा और सुना गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शिवम प्रजापति, संयुक्त आयुक्त विकास मुद्रिका सिंह सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशन योजना के हितग्राही उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन, सामाजिक सुरक्षा वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को हर माह पेंशन दी जाती है। सरकार द्वारा समय पर पेंशन की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि हमारी सरकार गरीब, बुजुर्ग और जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के माध्यम से सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति आर्थिक सहायता से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि का अंतरण पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा कदम है। जिले के हितग्राहियों ने समय पर पेंशन राशि मिलने पर मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। हितग्राहियों का कहना है कि इस पेंशन राशि से उन्हें अपने रोजमर्रा के खर्चों में बड़ी मदद मिलती है। जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति ने बताया कि शहडोल जिले में सभी पात्र हितग्राहियों को पेंशन योजना से जोड़ा गया है और शेष पात्र लोगों को भी चिन्हित कर लाभ दिया जा रहा है।



0 Comments