मोहम्मद हारून उत्प्रेरक टाइम्स धनपुरी।
जिले में अवैध कोयला खनन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तहसील बुढार के ग्राम बटूरा में सोन नदी के पास भंडारित लगभग 60 टन अवैध कोयले को जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके पर खड़ा एक ट्रेलर भी संलिप्त पाए जाने पर जप्त किया गया है। यह पूरी कार्रवाई शहडोल कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल और पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम बटूरा क्षेत्र में कोयला खनन की शिकायत मिलने पर औचक जांच की। जांच के दौरान टीम को सोन नदी के किनारे बड़ी मात्रा में अवैध रूप से डंप किया गया कोयला मिला। पूछताछ और जांच में लगभग 60 टन कोयले का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। मौके पर खड़ा ट्रेलर भी इसी अवैध भंडारण में उपयोग हो रहा था। टीम ने पूरे कोयले और ट्रेलर को लावारिस हालत में पाते हुए जब्ती की कार्रवाई की। जब्त किए गए कोयले को जेसीबी मशीन की सहायता से ट्रेलर में लोड करवाया गया और सुरक्षा के लिए थाना अमलाई की अभिरक्षा में रखवाया गया है। विभाग द्वारा अवैध भंडारण का पंचनामा तैयार कर लिया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अवैध कोयला भंडारण के संबंध में विधिवत प्रकरण तैयार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय शहडोल में प्रस्तुत किया जाएगा। दोषियों पर जुर्माना और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।उल्लेखनीय है कि बुढार और अमलाई क्षेत्र में लंबे समय से सोन नदी के किनारे अवैध कोयला भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर अब लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।


0 Comments