नगर परिषद बकहो में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशाल सेवा सेतु शिविर का आयोजन, 340 आवेदनों का मौके पर निराकरण, विधायक जयसिंह मरावी ने कहा - अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर

मोहम्मद हारून उत्प्रेरक टाईम्स धनपुरी।

बकहो नगर परिषद आम नागरिकों को शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता और पारदर्शिता के साथ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर परिषद बकहो द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष सेवा सेतु शिविर का भव्य आयोजन किया गया। नगर परिषद परिसर में आयोजित इस शिविर में प्रशासन द्वारा एक ही शामियाने के नीचे कई विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। जिसमें राजस्व, नगर परिषद, खाद्य, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, सामाजिक न्याय सहित अन्य विभागों की सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई गईं। दोपहर 12 बजे से प्रारंभ हुए शिविर में सुबह से ही नागरिकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और वृद्धजन अपने आवेदन और समस्याएं लेकर शिविर में पहुंचे। नगर परिषद द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस एक दिवसीय शिविर में कुल 340 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, स्वनिधि योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, लाड़ली बहना योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन शामिल थे। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती मौसमी केवट एवं उपाध्यक्ष वैभव विक्रम सिंह .ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ प्रत्येक आवेदन की स्वयं जांच की और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर सभी आवेदनों का तत्काल निराकरण करवाया। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी की गई, जिससे नागरिकों के चेहरे पर संतोष देखा गया।

शिविर से नागरिकों को बड़ी राहत - विधायक जयसिंह मरावी

सेवा सेतु शिविर के मुख्य अतिथि जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से आम नागरिकों को संबंधित विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हमारी सरकार की मंशा है कि शासन की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचें। सेवा संकल्प अभियान इसी सोच का परिणाम है। एक ही छत के नीचे सारी सुविधाएं मिलने से लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष और उनकी पूरी टीम को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी।



नर सेवा ही नारायण सेवा है - रविकांत चौरसिया

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा बकहो मंडल प्रभारी रविकांत चौरसिया ने सभी स्वयंसेवकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को शिविर की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ही सेवा है। नर सेवा ही नारायण सेवा है, इसी भाव के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा काल को हम सेवा पखवाड़े के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग कर रहे हैं।इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष दौलत मनमानी,खैरहा मंडल प्रभारी मंडल अध्यक्ष अर्जुन सोनी,   धर्मेन्द्र दुबे भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक चौरसिया, मंडल अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा जसबिन्द सिंह, बृजेन्द्र द्विवेदी, सुनीता यादव, जागृति कुसुम, पार्षद रामशरण चौधरी, विनोद दुबे, हेमलता केवट, अनुपम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी, नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे। अंत में नगर परिषद अध्यक्ष मौसमी केवट ने सभी अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments