मोहम्मद हारून धनपुरी।
एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र में कर्मचारियों के मनमाने स्थानांतरण को लेकर विवाद गहरा गया है। प्रबंधन के तबादला आदेशों से नाराज एटक, एचएमएस और सीटू के संयुक्त मोर्चा ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक को औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 की धारा 22 (1) (ख) के तहत हड़ताल की विधिवत नोटिस सौंप दी है। यह नोटिस 7 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय कार्मिक विभाग कार्यालय में प्राप्त हुई है।
समझौते की अनदेखी का आरोप
संयुक्त मोर्चा ने आरोप लगाया है कि प्रबंधन ने संयुक्त सलाहकार समिति के निर्णयों को दरकिनार किया है। मोर्चा के अनुसार 27 जुलाई 2026 को प्रबंधन और संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक में कर्मचारियों की पदस्थापना और स्थानांतरण को लेकर विस्तृत निर्णय लिए गए थे। इसके क्रियान्वयन के लिए क्षेत्रीय कार्यालय ने 28 जुलाई 2026 को दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसके तहत कर्मचारियों को वैकल्पिक पदस्थापना, अन्य क्षेत्र में जाने के लिए आवेदन और समायोजन की प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 तक पूरी करनी थी। लेकिन प्रबंधन ने 5 अक्टूबर 2026 को पत्र क्रमांक 431, 432, 433 और 2337 जारी कर अमलाई ओसीएम और रामपुर बटुरा के कर्मचारियों को तय प्रक्रिया को नजरअंदाज करते हुए सीधे अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया। यूनियनों ने इसे 28 जुलाई के आदेश और जेसीसी के निर्णयों की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है और प्रबंधन पर से विश्वास उठ रहा है।
संयुक्त मोर्चा की चार सूत्रीय मांगें
1. जेसीसी निर्णयों के पूर्ण क्रियान्वयन तक दूसरे क्षेत्रों में किए जा रहे सभी तबादलों पर तत्काल रोक लगे।
2. सभी स्थानांतरण और समायोजन 28 जुलाई 2026 के पत्र में तय प्रक्रिया के अनुसार ही किए जाएं।
3. जिन कर्मचारियों के तबादले नियमों की अनदेखी कर किए गए हैं, उनके आदेशों की समीक्षा कर उन्हें निरस्त किया जाए।
4. भविष्य में किसी भी तबादले से पहले श्रमिक प्रतिनिधियों से चर्चा और जेसीसी निर्णयों का पालन सुनिश्चित हो।
हड़ताल की चेतावनी
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि नोटिस प्राप्ति के 15 दिवस के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संयुक्त मोर्चा हड़ताल पर जाने के लिए स्वतंत्र होगा। ऐसी स्थिति में उत्पादन और उत्पादकता में होने वाले नुकसान की पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। इस हड़ताल नोटिस पर एटक, एचएमएस और सीटू (केएसएस) सोहागपुर क्षेत्र के अध्यक्ष/महामंत्रियों के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि सीएमडी एसईसीएल बिलासपुर, निदेशक (मा.सं.), श्रमायुक्त शहडोल, क्षेत्रीय प्रबंधक (मा.सं.) सोहागपुर, थाना प्रभारी अमलाई-धनपुरी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।


0 Comments